home page

देवरिया में सेवा भारती ने किया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, सैकड़ों मरीजों ने उठाया लाभ

 | 
देवरिया में सेवा भारती ने किया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, सैकड़ों मरीजों ने उठाया लाभ


देवरिया में सेवा भारती ने किया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, सैकड़ों मरीजों ने उठाया लाभ


देवरिया, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में सेवा भारती द्वारा विवेकानंद शाखा क्षेत्र में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। यह शिविर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आनुषंगिक संगठन के रूप में सेवा भारती की ओर से समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

शिविर का उद्घाटन बस्ती प्रमुख विनोद द्विवेदी एवं जिला प्रचार प्रमुख पुष्पराज तिवारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सेवा भारती का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना है। शिविर में उपस्थित अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने सैकड़ों मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मरीजों की जांच के साथ-साथ उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। इसके अतिरिक्त जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया, जिससे लोगों को काफी राहत मिली।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर का लाभ उठाया। आयोजन स्थल पर सुव्यवस्थित व्यवस्था के कारण मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। इस अवसर पर जितेंद्र पांडे, वीरेंद्र तिवारी, शिवनाथ, राजीव, रमेश, नीरज, खुशी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके सहयोग से शिविर का संचालन सुचारु रूप से संपन्न हुआ। इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंदों के लिए राहत का माध्यम बन रहे हैं।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक