देवरिया में बिजली आपूर्ति सही करने के लिए सपा नेताओं ने अधिशासी अभियंता को सौंपा ज्ञापन
देवरिया, 12 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के बरहज क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की बिजली समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की।
इस दौरान सपा नेता विजय रावत ने कहा कि बरहज विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था लंबे समय से खराब है। पोखरभींडा के चौहान टोले में विद्युत समस्या गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से समस्या के समाधान के लिए गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। सौंपने के दौरान प्रतिनिधिमंडल में अमित प्रधान, विजय चौहान, सुदर्शन चौहान, राकेश चौहान, संदीप चौहान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

