देवरिया में सपा ने मनाया 'आरक्षण दिवस', संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा का लिया संकल्प
देवरिया, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में समाजवादी पार्टी ने रविवार को जिला कार्यालय, बांस देवरिया स्थित मुलायम सिंह यादव सभागार में 'आरक्षण दिवस' के अवसर पर 'संविधान-मानस्तंभ स्थापना दिवस' मनाया। कार्यक्रम में संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव मंजूर हसन ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान की प्रति पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान तथा आरक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने का संकल्प दोहराया। मुख्य वक्ता व्यास यादव ने कहा कि 26 जुलाई सामाजिक न्याय के इतिहास में महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि इसी दिन राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज ने आरक्षण लागू कर सामाजिक न्याय की ऐतिहासिक नींव रखी थी, जिसे बाद में डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान में संवैधानिक अधिकार का स्वरूप दिया। उन्होंने कहा कि संविधान लोकतंत्र की आत्मा है और यह वंचित, शोषित, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक तथा कमजोर वर्गों के अधिकारों का सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।
उन्होंने कहा कि संविधान सुरक्षित रहेगा तभी आरक्षण और सामाजिक न्याय की व्यवस्था भी सुरक्षित रह सकेगी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक दीनानाथ कुशवाहा, ओ.पी. यादव, अशोक सिंह कुशवाहा, हृदयनारायण जायसवाल, विजय प्रताप यादव, मोहन गुप्ता, जयराम राजभर, कमलेश पांडेय, डॉ. रामनाथ चौहान, वंदना पासवान, लक्ष्मण निषाद, नसीम लारी, सीमा मौर्य, गिरीश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

