home page

राजू विश्वकर्मा के हत्यारों को सख्त से सख्त सजा मिले : राम आसरे

 | 
राजू विश्वकर्मा के हत्यारों को सख्त से सख्त सजा मिले : राम आसरे


देवरिया, 06 जुलाई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने सोमवार को नौतन हथियागढ़ गांव पहुंचकर रास्ते के विवाद में हुई राजू विश्वकर्मा की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। इसके बाद देवरिया स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) डाक बंगले में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की और निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि कानून का भय अपराधियों में दिखाई देना चाहिए। यदि अपराधी खुलेआम ऐसी घटनाओं को अंजाम देंगे तो आम जनता का प्रशासन पर विश्वास कमजोर होगा। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। प्रेसवार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक