home page

निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

 | 

देवरिया, 01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के सोनूघाट स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान प्रसूता की मौत के बाद सोमवार को परिजनों ने हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बिहार राज्य के जिला गोपालगंज के कोरया दीक्षित गांव निवासी अमित तिवारी ने अपनी गर्भवती पत्नी सपना मिश्र को तीन दिन पूर्व सोनूघाट स्थित एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में उपचार के दौरान लापरवाही बरती गई, जिसके चलते मौत हाे गयी। गुस्साए परिजनाें ने अस्पताल परिसर में नारेबाजी करते हुए चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। थानेदार राकेश राय का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उपचार से संबंधित दस्तावेजों और अन्य तथ्यों का परीक्षण कराया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक