ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगी करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार, 12 बैंक खातों में जमा 1.25 लाख रुपये फ्रीज
देवरिया, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के श्रीरामपुर पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज, सिम कार्ड, स्कैनर, लैपटॉप तथा नकदी सहित भारी मात्रा में सामान बरामद किया है। साथ ही ठगी में प्रयुक्त 12 बैंक खातों में जमा करीब 1.25 लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने गुरुवार काे पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्हाेंने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के जरिए लोगों से ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रतापपुर फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के पास घेराबंदी कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में नितीश प्रताप सिंह पुत्र बृजेश सिंह निवासी चकरवा टोला प्रेम राय थाना श्रीरामपुर, कमलेश सिंह पुत्र वकिल सिंह निवासी बैकुण्ठपुर थाना श्रीरामपुर तथा मृत्युंजय खरवार पुत्र गम्भीर प्रसाद निवासी बैकुण्ठपुर थाना श्रीरामपुर शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे ऑनलाइन गैम्बलिंग गेम खिलवाने और सट्टा लगवाने का काम करते थे। लोगों को आकर्षक ऑफर देकर वे विभिन्न बैंक खातों में रुपये मंगवाते थे और फिशिंग लिंक तथा फर्जी भुगतान प्रक्रिया के जरिए ठगी करते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 18 एटीएम कार्ड, एक वाहन रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र, दो बैंक पासबुक, तीन बैंक चेकबुक, एक पासपोर्ट, सात सिम कार्ड सहित पैकेट, 30 खाली सिम पैकेट, सात एंड्रॉयड मोबाइल, दो कीपैड मोबाइल, चार स्कैनर, एक एचपी ब्रांड लैपटॉप तथा 29,070 रुपये नकद बरामद किए हैं।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

