home page

देवरिया में नवागत डीएम मधुसूदन हुल्गी ने संभाला कार्यभार, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर

 | 
देवरिया में नवागत डीएम मधुसूदन हुल्गी ने संभाला कार्यभार, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर


देवरिया, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में बुधवार काे नये जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने विधिवत पदभार बुधवार को ग्रहण किया। वे 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं तथा मूल रूप से कर्नाटक राज्य के निवासी हैं। देवरिया में कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व वह मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत रहे हैं। जनपद में उन्होंने 69वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला।

पदभार ग्रहण करने के उपरांत जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में शासन की सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जमीनी स्तर पर लागू करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन की पूरी टीम समन्वय के साथ कार्य करेगी तथा जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु प्रतिबद्ध रहेगी।

पदभार ग्रहण करने के पश्चात जिलाधिकारी ने अपने कक्ष में अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायालय कक्ष, एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय, नजारत, संयुक्त कार्यालय, भूलेख, अभिलेखागार एवं नवीन कलेक्ट्रेट सभागार सहित विभिन्न पटलों का जायजा लिया। अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने अपने कक्ष में बैठकर जनसुनवाई कर उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त) रामशंकर, उपजिलाधिकारी सदर सीमा पांडेय, उपजिलाधिकारी रुद्रपुर अवधेश कुमार निगम, वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल कुमार पाण्डेय, प्रशासनिक अधिकारी सुशील कुमार, डीआईओ एनआईसी कृष्णानंद यादव, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर राजीव कुमार मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक