home page

जीआरपी ने बिछड़े बालक को परिजनों से मिलाया, मां का चेहरा खिल उठा

 | 
जीआरपी ने बिछड़े बालक को परिजनों से मिलाया, मां का चेहरा खिल उठा


देवरिया, 15 मार्च (हि.स.)। जीआरपी थाना देवरिया पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर अपने माता-पिता से बिछड़े एक मासूम बालक को सुरक्षित ढूंढकर उसकी मां से मिलाया। बेटे के ​मिलते मां का चेहरा खिल उठा और पुलिस टीम की सराहना की।

पुलिस उपाधीक्षक रेलवे सर्किल बलिया सवि रत्न गौतम ने बताया कि चेकिंग के दौरान जीआरपी थाना देवरिया की टीम को प्लेटफार्म संख्या 1 पर लगभग 4 वर्ष का एक बालक रोते हुए मिला। मौके पर मौजूद चेकिंग टीम और महिला हेड कांस्टेबल प्रतिभा भारती ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बालक को अपने संरक्षण में लिया और उसे शांत कराया। बालक ने अपना नाम रोहन (नाम व पता काल्पनिक) बताया और कहा कि वह अपने माता-पिता से बिछड़ गया है और भटकते हुए रेलवे स्टेशन पहुंच गया। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए रेलवे स्टेशन परिसर में अनाउंसमेंट करवाया, ताकि उसके परिजनों तक सूचना पहुंच सके।

बालक की मां संजू देवी पत्नी आनंद प्रजापति निवासी थाना महुआडीह जनपद देवरिया जीआरपी थाना पहुंचीं। बालक ने अपनी मां को पहचानते हुए बताया कि यह उसकी माता हैं। शिनाख्त की प्रक्रिया के बाद जीआरपी पुलिस ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर बालक को सुरक्षित उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। अपने बेटे को सकुशल पाकर संजू देवी भावुक हो गईं और जीआरपी थाना देवरिया की पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक