home page

देवरिया में 16 करोड़ के निर्माणाधीन पुल में खामियां, जिलाधिकारी ने दिए जांच के आदेश

 | 
देवरिया में 16 करोड़ के निर्माणाधीन पुल में खामियां, जिलाधिकारी ने दिए जांच के आदेश


देवरिया में 16 करोड़ के निर्माणाधीन पुल में खामियां, जिलाधिकारी ने दिए जांच के आदेश


देवरिया, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के भाटपाररानी क्षेत्र के खनुआ नाला स्थित चखनी घाट पर निर्माणाधीन लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत वाले पुल में तकनीकी खामियां मिलने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुल के एक पिलर और स्लैब में दोष पाए जाने पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सेतु निगम के अधिशासी अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुल निर्माण का कार्य भी रोक दिया गया है।

लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह पुल उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ेगा। यहां पहले लकड़ी का अस्थायी पुल था, जहां अक्सर दुर्घटनाएं होती थीं। स्थानीय लोगों की मांग और भाटपाररानी विधायक सभाकुंवर कुशवाहा के प्रयासों के बाद स्थायी पुल निर्माण को मंजूरी मिली थी।

निर्माण कार्य के दौरान एक पिलर और स्लैब में तकनीकी खामियां सामने आने पर निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी ने तत्काल जांच के निर्देश दिए और कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है, जिसमें लोक निर्माण विभाग के अभियंता, जिला विकास अधिकारी और एक तकनीकी अधिकारी शामिल हैं। समिति को 48 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में लापरवाही या अनियमितता पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तकनीकी टीम पुल के पूरे ढांचे की जांच कर रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक