मुंडन संस्कार से पहले मातम, विवाहिता की मौत से उठे कई सवाल
मीरजापुर, 21 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में पड़री थाना क्षेत्र के बरजी मुकुंदपुर गांव में विवाहिता गुड़िया (24)की संदिग्ध परिस्थितियों में बीती रात शनिवार को मौत हो गई। घटना को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के अलग-अलग दावों के बीच मामला उलझ गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
ससुराल पक्ष का कहना है कि शनिवार रात करीब 11:30 बजे गुड़िया बाथरूम गई थी। इसी दौरान उसे चक्कर आया और वह गिर गई। परिजन तत्काल उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनका दावा है कि गुड़िया को पहले भी बेहोशी की शिकायत रहती थी और यह एक दुर्घटना है।
वहीं मायके पक्ष ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजन का आरोप है कि विवाह के बाद से ही बेटी गुड़िया को ससुरालीजन प्रताड़ित करते थे और पैसों को लेकर दबाव बनाया जाता था। उनका कहना है कि शनिवार शाम ससुराल से फोन आया था और देर रात सूचना दी गई कि बेटी गुड़िया ने फांसी लगा ली है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने नाक और मुंह से खून निकलता देखा, जबकि पति नशे की हालत में था।
मायके पक्ष ने पुलिस पर भी शुरुआती स्तर पर मामले को हादसा बताकर दबाने का आरोप लगाया है। हालांकि क्षेत्राधिकारी सदर के हस्तक्षेप के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
बताया जाता है कि मृतका का पति दिनेश बेंगलुरु में निजी नौकरी करता है और एक सप्ताह पहले ही गांव आया था। रविवार (21 जून) को वाराणसी के लोलार्क कुंड में उनकी नौ माह की पुत्री का मुंडन संस्कार होना था, लेकिन उससे पहले ही घर में मातम छा गया।
थानाध्यक्ष पड़री प्रदीप सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

