home page

नहर में फेंके जा रहे मृत पशुओं के शव, सिंचाई प्रभावित

 | 

मीरजापुर, 11 अगस्त (हि.स.)। जमालपुर क्षेत्र की चौकियां ब्रांच के माइनर समेत अन्य नहरों में पशुपालकों द्वारा मृत पशुओं के शव फेंके जाने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। शव माइनर और कुलावों में फंसकर पानी का बहाव बाधित कर रहे हैं, जिससे खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है।

माइनर में पड़े शवों के सड़ने से दुर्गंध फैल रही है। इससे आसपास के ग्रामीणों को परेशानी के साथ पर्यावरण प्रदूषण और संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है। वहीं, क्षत-विक्षत शवों के कारण सिंचाई विभाग के कर्मचारियों को नहरों की सफाई करने में भी दिक्कत हो रही है।

अन्नदाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह ने पशुपालकों से मृत पशुओं को नहरों में फेंकने के बजाय ग्राम पंचायतों में राजस्व विभाग की ओर से छोड़ी गई जमीन का उपयोग करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे नहरों का पानी अवरुद्ध होने के साथ पर्यावरण प्रदूषण और संक्रमण की समस्या से भी बचाव होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा