home page

डीडीयू की एंटी रैगिंग कमेटी में शामिल हाेगा युवा चेतना समिति का प्रतिनिधि, कुलपति से की चर्चा

 | 
डीडीयू की एंटी रैगिंग कमेटी में शामिल हाेगा युवा चेतना समिति का प्रतिनिधि, कुलपति से की चर्चा


-अध्यक्ष मांधाता सिंह ने कुलपति प्रो. के.पी. सिंह से की मुलाकात, समिति की गतिविधियों और भावी योजनाओं पर हुई चर्चा

गोरखपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए गठित की जा रही एंटी रैगिंग कमेटी में सहभागिता के लिए युवा चेतना समिति से प्रतिनिधि शामिल किया जाएगा। इसके लिए विश्वविद्यालय के नियंता एवं विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट कार्यालय ने समिति के अध्यक्ष मांधाता सिंह को पत्र भेजकर स्वयं अथवा अपने किसी प्रतिनिधि का नाम प्रस्तावित करने के लिये कहा है।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि रैगिंग की रोकथाम एवं उन्मूलन के लिए शासन तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्देशों के क्रम में एंटी रैगिंग कमेटी का गठन किया जाना है। इसी प्रक्रिया के तहत युवा चेतना समिति से भी सहभागिता मांगी गई है। इस क्रम में समिति के अध्यक्ष मांधाता सिंह ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह से मुलाकात की। दोनों के बीच विश्वविद्यालय परिसर में छात्रहित, युवा जागरूकता, सामाजिक सरोकारों और शैक्षणिक वातावरण को अधिक सकारात्मक एवं संवेदनशील बनाने से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। मांधाता सिंह ने कुलपति को युवा चेतना समिति की गतिविधियों तथा सामाजिक, शैक्षणिक और वैचारिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी।

मुलाकात के दौरान समिति की भावी कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। समिति के अनुसार, कुलपति प्रो. के.पी. सिंह से मुख्य संरक्षक के रूप में मार्गदर्शन और सहयोग देने का आग्रह किया गया, जिस पर उन्होंने सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन की इस पहल को परिसर में सुरक्षित, अनुशासित और विद्यार्थी-अनुकूल वातावरण को मजबूत करने की दिशा में नागरिक एवं सामाजिक संगठनों की भागीदारी बढ़ाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय