home page

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही पंडित दीनदयाल जी को सच्ची श्रद्धांजलि : बृजेश पाठक

 | 
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही पंडित दीनदयाल जी को सच्ची श्रद्धांजलि : बृजेश पाठक


अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही पंडित दीनदयाल जी को सच्ची श्रद्धांजलि : बृजेश पाठक


अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही पंडित दीनदयाल जी को सच्ची श्रद्धांजलि : बृजेश पाठक


मथुरा, 08 अक्टूबर (हि.स.)। पंडित दीनदयाल धाम (फरह) में आयोजित मेले के दौरान गुरुवार उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गरीब, किसान, युवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय को सच्ची श्रद्धांजलि है।

उपमुख्यमंत्री ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी नीतियों के क्रियान्वयन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2026-27 के बजट आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में कुल 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें 45 सरकारी और 36 निजी क्षेत्र के हैं। जिन जिलों में अभी मेडिकल कॉलेज नहीं हैं, वहां भी स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा का विस्तार प्राथमिकता पर है।

बृजेश पाठक ने कहा कि सरकार की नीतियां अंत्योदय और एकात्म मानव दर्शन के सिद्धांतों पर आधारित हैं। नकारात्मक माहौल बनाने के प्रयासों के बीच लोगों को पंडित जी के विचारों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। इसके अलावा कार्यक्रम को केबिनेट मंत्री भूपेन्द्र चौधरी ने भी संबोधित किया और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद, अंत्योदय एवं राष्ट्रसेवा पर प्रकाश डाला।

मेले के दौरान उपमुख्यमंत्री ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में आयोजित प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। अभियान के तहत जोश (ज्वाइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ) टीमों का प्रथम चरण 11 राज्यों के 55 जिलों में शुरू किया जा रहा है। युवाओं की ऊर्जा और सहभागिता के माध्यम से गांव-गांव तक टीबी उन्मूलन और समय पर उपचार का संदेश पहुंचाना है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री के साथ राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, समाजसेवी सोहनलाल कातिब के अलावा मेला समिति के पदाधिकारी और अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार