हाईवा की टक्कर से बाइक सवार की चार वर्षीय बेटी की मौत, मां घायल
मीरजापुर, 22 सितंबर (हि.स.)। अदलहाट थाना क्षेत्र के नरायनपुर चौकी अंतर्गत वाराणसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगा नहर पुल के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार चार वर्षीय बालिका परिधि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल महिला को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया।
जमालपुर थाना क्षेत्र के रेरुपुर गांव निवासी सल्लू विश्वकर्मा के अनुसार वह पत्नी और बेटी को बाइक से नरायनपुर स्थित एक अस्पताल में इलाज के लिए लेकर गए थे। वहां से लौटते समय गंगा नहर पुल के पास पीछे से तेज गति से आ रहे हाईवा ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनकी चार वर्षीय बेटी परिधि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी के पैर में गंभीर चोट आई।
घटना की जानकारी मिलते ही नरायनपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवा को कब्जे में ले लिया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में चौकी पहुंच गए।
चौकी प्रभारी नरायनपुर आशीष कुमार सिंह ने बताया कि हाईवा की टक्कर से चार वर्षीय बालिका की मौत हुई है। मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

