वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने दालमंडी में बनाया सुरक्षा घेरा, मस्जिदों पर होगी कार्यवाही
वाराणसी, 16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में दालमंडी चौड़ीकरण एवं ध्वस्तीकरण अभियान के अंतर्गत आने वाली मस्जिदों पर अब कार्यवाही (ध्वस्तीकरण) होगी। इसको लेकर वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस के आलाधिकारियों ने सुरक्षा घेरा बनाया है। अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) शिवहरि मीणा ने कानून व्यवस्था, सुरक्षा घेरा एवं यातायात प्रबंधन की स्थिति की जानकारी के लिए शनिवार को दालमंडी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया है।
अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) शिवहरि मीणा ने कहा कि दालमंडी क्षेत्र घनी आबादी, व्यापारिक गतिविधियों, धार्मिक-सांस्कृतिक माहौल तथा संकरे मार्गों के कारण सदैव अत्यंत संवेदनशील श्रेणी में रहा है। वर्तमान में संचालित चौड़ीकरण कार्य के कारण मार्ग परिवर्तनों, अस्थायी अवरोधों एवं जन-आवागमन में परिवर्तन की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आज क्षेत्र का निरीक्षण किया गया है।
उन्होंने कहा कि मौके पर निरीक्षण के बाद मातहत को तमाम आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। दालमंडी में मजबूत बैरिकेडिंग एवं चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, रात्रि कालीन प्रकाश व्यवस्था एवं पैदल गश्त, नमाज के दौरान चौकसी एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था, आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन की स्थिति, संवेदनशील बिंदुओं पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं कवरेज, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग एवं अफवाह नियंत्रण तंत्र को नोट कराया गया है।
उन्होंने दालमंडी को लेकर कहा कि मलबा सड़क पर न फैले, इसके लिए निर्धारित स्थल पर ही डंपिंग सुनिश्चित की जाए। खुले विद्युत तारों, अस्थायी कनेक्शन एवं जनरेटर सेट की सुरक्षा की नियमित जांच की जाए। वृद्धजन, महिला एवं बच्चों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए संकरे स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं। बाजार खुलने एवं बंद होने के समय विशेष ड्यूटी प्लान लागू किया जाए। धार्मिक स्थलों के आस पास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, विशेषकर जुमे की नमाज या विशेष आयोजनों के समय पर ध्यान रखें। सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती रखें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

