मीरजापुर में चक्रवाती तूफान ने ली 17 लोगों की जान, मृतकों के परिजनों को मिलेगी चार-चार लाख रुपए की मदद
मीरजापुर, 14 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद मीरजापुर में बुधवार शाम आए तेज चक्रवाती तूफान ने जिले में भारी तबाही मचाई। 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी और बारिश के चलते अलग-अलग हादसों में 17 लोगों की मौत हो गई। तूफान से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया और कई क्षेत्रों में भारी नुकसान की खबरें सामने आई हैं।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि दैवी आपदा के कारण जिले में कुल 17 लोगों की मौत हुई है। इनमें दो लोगों की मौत आकाशीय बिजली गिरने से तथा दो लोगों की मौत कंटेनर पलटने से हुई है। इसके अलावा तेज आंधी के दौरान पेड़, दीवार और अन्य संरचनाएं गिरने से भी कई लोगों की जान गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि दैवी आपदा से हुई जनहानि, पशुहानि और मकानों के क्षतिग्रस्त होने पर शासन की ओर से सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। मृतकों के परिजनों को शीघ्र ही चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। प्रशासन की ओर से सभी तहसीलों में नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को राहत एवं सहायता कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

