तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार को कुचला, मौत
मीरजापुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर कुदारन के पास बुधवार शाम तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार अधेड़ की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
अदलहाट थाना क्षेत्र के गोठौरा गांव निवासी करीब 50 वर्षीय नारद गौड़ अहरौरा बाजार से घर का सामान खरीदकर साइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही बंद बॉडी ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया। जेब में मिले कागज पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर मृतक की पहचान हो सकी। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

