home page

गलत खाते में पहुंच गए 65,490 रुपये, साइबर टीम ने लौटाई पूरी रकम

 | 
गलत खाते में पहुंच गए 65,490 रुपये, साइबर टीम ने लौटाई पूरी रकम


मीरजापुर, 18 अगस्त (हि.स.)। यूपीआई से जल्दबाजी में गलत खाते में भेजी गई 65,490 रुपये की रकम को जिगना थाना की साइबर सेल टीम ने समय रहते वापस करा दिया। खाते में रकम वापस आते ही पीड़ित ने मंगलवार को थाने पहुंचकर पुलिस टीम का आभार जताया।

बिहसड़ा बाजार निवासी आदर्श अग्रहरी पुत्र उमेश चंद्र अग्रहरी ने 12 अगस्त को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि यूपीआई के माध्यम से गलती से 65,490 रुपये किसी अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गए हैं। शिकायत के आधार पर जिगना पुलिस की साइबर सेल टीम ने तत्काल मामले की जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में साइबर टीम ने लेनदेन से संबंधित जानकारी जुटाकर रकम को होल्ड कराया। इसके बाद पूरी 65,490 रुपये की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।

रकम वापस मिलने पर आदर्श अग्रहरी मंगलवार को जिगना थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों एवं साइबर सेल टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

कार्रवाई में उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह, थानाध्यक्ष जिगना, उपनिरीक्षक अवधेश सिंह प्रभारी साइबर सेल तथा कांस्टेबल स्वतंत्र यादव और आरक्षी कौशलेन्द्र सिंह शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ हुआ कि यूपीआई से गलत खाते में रकम ट्रांसफर होने पर घबराने के बजाय तत्काल शिकायत दर्ज कराने से धनराशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा