home page

युवाओं को रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता : मुख्य सचिव

 | 
युवाओं को रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता : मुख्य सचिव


मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में प्रदेश में रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने तथा विभिन्न चयन परीक्षाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के संबंध में प्रदेश के विभिन्न आयोगों एवं भर्ती बोर्डों के साथ बैठक

लखनऊ, 17 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में प्रदेश में रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने तथा विभिन्न चयन परीक्षाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के संबंध में प्रदेश के विभिन्न आयोगों एवं भर्ती बोर्डों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विभिन्न चयन आयोगों एवं भर्ती संस्थाओं से अपेक्षा व्यक्त की कि उन्हें अपनी स्वायत्तता एवं निर्धारित नियमों का सम्मान करते हुए भर्ती प्रक्रियाओं को यथासंभव समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्राप्त करने के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े।

उन्होंने सुझाव दिया कि विभिन्न चयन परीक्षाओं के आयोजन, परिणाम जारी करने, अभिलेख सत्यापन तथा नियुक्ति से संबंधित प्रक्रियाओं के लिए वार्षिक कैलेंडर एवं निर्धारित समयसीमा का प्रभावी ढंग से पालन किया जाना चाहिए। जहां कहीं किसी स्तर पर प्रक्रिया लंबित हो, वहां संबंधित संस्थाओं द्वारा उसकी नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक समन्वय किया जा सकता है।

मुख्य सचिव ने चयन परीक्षाओं में पारदर्शिता, शुचिता एवं निष्पक्षता पर सर्वोच्च प्राथमिकता दिए जाने पर बल देते हुए सुझाव दिया कि परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक चरण में निर्धारित मानकों एवं नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए आधुनिक तकनीकी संसाधनों का अधिकाधिक उपयोग किया जाए, जिससे परीक्षा प्रक्रिया अधिक सुगम, सुरक्षित एवं विश्वसनीय बन सके तथा अभ्यर्थियों को न्यूनतम असुविधा हो।

उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी लाने के साथ-साथ परीक्षा की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना भी आवश्यक है। इस दृष्टि से भर्ती संस्थाओं के मध्य आवश्यक समन्वय एवं अनुभवों के आदान-प्रदान से प्रक्रियाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

बैठक में विभिन्न चयन आयोगों एवं भर्ती बोर्डों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भर्ती परीक्षाओं की प्रगति, समयबद्ध चयन प्रक्रिया तथा परीक्षा व्यवस्थाओं से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी साझा की। बैठक में भर्ती प्रक्रियाओं को और अधिक सुगम एवं समयबद्ध बनाने के संबंध में विचार-विमर्श भी किया गया।

बैठक में प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम. देवराज, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार, प्रमुख स्टाफ ऑफिसर अमृता सोनी सहित उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, उप्र पुलिस भर्ती बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा