home page

कुष्मांडा देवी पूजन पर गड़बड़ा धाम में उमड़ा जनसैलाब, 40 हजार श्रद्धालुओं ने टेका मत्था

 | 
कुष्मांडा देवी पूजन पर गड़बड़ा धाम में उमड़ा जनसैलाब, 40 हजार श्रद्धालुओं ने टेका मत्था


मीरजापुर, 22 मार्च (हि.स.)। हलिया क्षेत्र के गड़बड़ा स्थित मां शीतला धाम में चैत्र नवरात्र के चौथे दिन रविवार को मां कुष्मांडा देवी के पूजन को लेकर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। चार बजे भाेर से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। मंगला आरती के बाद कपाट खुलते ही भक्त दर्शन-पूजन में जुट गए और मां की एक झलक पाकर स्वयं को धन्य महसूस किया।

अलसुबह से ही गड़बड़ा धाम में भक्तों की भारी भीड़ रही। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने परिवार सहित सेवटी नदी में आस्था की डुबकी लगाई और कतारबद्ध होकर मां शीतला का दर्शन-पूजन किया। भक्तों ने नारियल, चुनरी, हलवा-पूरी, फल-फूल व मिष्ठान अर्पित कर मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की।

जिले के अलावा पड़ोसी जनपदों व मध्य प्रदेश के रीवा, सीधी, सतना और सिंगरौली से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गड़बड़ा धाम पहुंचे। मंदिर प्रबंधक प्रकाश चंद्र शुक्ला सीसीटीवी कैमरों से निगरानी करते रहे। मंदिर पुजारी मंगल धारी ने बताया कि करीब 40 हजार भक्तों ने मां के दरबार में मत्था टेका। मेला परिसर में भी रौनक देखने को मिली। खासकर महिला श्रद्धालुओं ने लकड़ी के बने घरेलू सामानों की जमकर खरीदारी की, वहीं बच्चों ने खेल-खिलौनों का आनंद उठाया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव व मेला प्रभारी श्याम लाल पुलिस बल के साथ पूरे समय मुस्तैद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा