home page

पुलिस ने दो फॉर्च्यूनर पकड़े, एक से करोड़ों रुपये नकद बरामद

 | 
पुलिस ने दो फॉर्च्यूनर पकड़े, एक से करोड़ों रुपये नकद बरामद


मीरजापुर, 29 मई (हि.स.)। चील्ह थाना क्षेत्र के चील्ह तिराहे पर गुरुवार रात पुलिस की चेकिंग के दौरान दो फॉर्च्यूनर वाहनों को हिरासत में लिया गया। इनमें से एक वाहन से करोड़ों रुपये नकद बरामद होने की सूचना है। मामले की जांच आयकर विभाग द्वारा की जा रही है।

गुरुवार रात करीब 10 बजे थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य को सूचना मिली कि वाराणसी से मीरजापुर की ओर जा रही दो फॉर्च्यूनर वाहनों में भारी मात्रा में अवैध नकदी ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ चील्ह तिराहे पर पहुंच गए और चारों तरफ बैरिकेडिंग कर सघन चेकिंग शुरू कर दी।

कुछ देर बाद वाराणसी की ओर से आ रही दोनों फॉर्च्यूनर वाहनों को रोककर हिरासत में लिया गया। इनमें से एक फॉर्च्यूनर बिना नंबर प्लेट की बताई जा रही है। पुलिस ने जब वाहन की डिग्गी खोलकर जांच की तो उसमें भारी मात्रा में नकदी रखी मिली। इसके बाद दोनों वाहनों को थाने लाया गया।

शुक्रवार सुबह थाना प्रभारी की सूचना पर आयकर विभाग के अधिकारी नरेंद्र कुमार वर्मा तथा नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार चील्ह थाने पहुंचे। इंडियन बैंक के कर्मचारियों की मदद से नोट गिनने की मशीन द्वारा नकदी की गिनती कराई गई।

नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने बताया कि नियमित चेकिंग के दौरान चील्ह पुलिस ने दो फॉर्च्यूनर वाहनों को पकड़ा, जिनमें से एक से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई है। हालांकि बरामद रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वाहन में सवार भारत सिंह निवासी सीधी, मध्य प्रदेश तथा अभिनीत सिंह निवासी बाजीराव कटरा, मीरजापुर खुद को व्यापारी बताते हुए नकदी को अपना पैसा बता रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है।

इस संबंध में थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि फिलहाल कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। आयकर विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। बरामद नकदी को सील कर पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा