home page

गेहूं के खेत में दिखा 5 फीट का मगरमच्छ, मजदूरों में दहशत

 | 
गेहूं के खेत में दिखा 5 फीट का मगरमच्छ, मजदूरों में दहशत


- ग्रामीणों ने पकड़कर वन विभाग को सौंपा

मीरजापुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के कोन गढ़वा गांव में गुरुवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गेहूं के खेत में करीब 5 फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से खेत में काम कर रहे मजदूर डरकर भाग खड़े हुए।

गढ़वा गांव निवासी हर्ष सिंह के खेत में मजदूर गेहूं की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें फसल हिलती हुई नजर आई। शक होने पर जब मजदूर पास पहुंचे और टॉर्च की रोशनी डाली, तो वहां मगरमच्छ छिपा हुआ मिला। यह नजारा देखते ही मजदूर काम छोड़कर भाग गए और शोर मचाने लगे। हंगामा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को काबू में कर लिया। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। शुक्रवार सुबह पहुंची टीम को ग्रामीणों ने सुरक्षित तरीके से मगरमच्छ सौंप दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव के पास बहने वाली बकहर नदी से निकले एक नाले के जरिए मगरमच्छ खेतों तक पहुंचा होगा। गर्मी के कारण नाले का पानी सूखने से वह भोजन की तलाश में खेत में आ गया। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि नदी में और भी मगरमच्छ हो सकते हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा