home page

मीरजापुर के गांव में घुसा 10 फीट लंबा मगरमच्छ, वन विभाग ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

 | 
मीरजापुर के गांव में घुसा 10 फीट लंबा मगरमच्छ, वन विभाग ने सुरक्षित किया रेस्क्यू


मीरजापुर, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के हलिया वन क्षेत्र के मटिहरा गांव में मंगलवार को करीब 10 फीट लंबा विशालकाय मगरमच्छ रिहायशी इलाके में पहुंच जाने से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे ददरी बांध के गहरे जलाशय में छोड़ दिया।

भोजन की तलाश में भटकता हुआ मगरमच्छ मटिहरा गांव निवासी झल्लर के घर के पास पहुंच गया। मगरमच्छ को देखते ही आसपास के लोग दहशत में आ गए। भीड़ बढ़ने पर वह घर के समीप बनी एक छोटी बंधी में चला गया। ग्राम प्रधान गायत्री यादव ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन दरोगा सिद्धार्थ, शीतला बख्श सिंह, वन रक्षक शिवम सिंह, अंकुर शुक्ला तथा वाचर वकील, अनिरुद्ध श्रीवास्तव, महेंद्र और शिवशंकर की टीम मौके पर पहुंची। काफी देर की मशक्कत के बाद टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया और ददरी बांध के गहरे जलाशय में छोड़ दिया। रेस्क्यू पूरा होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

वन क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि बरसात के मौसम में मगरमच्छ और अन्य वन्यजीव एक जलाशय से दूसरे जलाशय की ओर विचरण करते रहते हैं। भोजन की तलाश में वे कभी-कभी आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा