बेकाबू ट्रक ने पिता-पुत्र काे कुचला, मौत
फिरोजाबाद, 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिराेजाबाद जिले में शिकाेहाबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह तड़के के एक बेकाबू ट्रक ने फुटपाथ के किनारे सो रहे पिता-पुत्र को कुचल दिया। दाेनाें की माैके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस ने चालक-परिचालक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीओ शिकोहाबाद अम्बरीष कुमार ने बताया कि यह हादसा मैनपुरी रोड पर गांव मोहम्मदपुर माढ़ई में मंगलवार को हुआ। मैनपुरी की तरफ से शिकोहाबाद की ओर जा रहे एक ट्रक ने घर के बाहर बने फुटपाथ पर सो रहे कासिम (50) और उसके बेटे तौकीम (10), बेटी शिफा (12) को रौंद दिया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय पुलिस, सीओ अम्बरीष कुमार, उपजिलाधिकारी गजेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे। आनन-फानन सभी घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने कासिम और तौकीम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शिफा उर्फ शहरीन को गंभीर हालत में मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया है। इधर दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने जाम लगाने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने समझा बुझा कर उन्हें शांत कराया।
एसडीएम गजेन्द्र सिंह ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा भी दिया है। सीओ शिकोहाबाद अम्बरीष कुमार का कहना है कि घटना में सड़क किनारे सो रहे पिता-पुत्र की मौत हुई है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक-परिचालक भी हिरासत में हैं। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

