home page

दो डंपरों की भिड़ंत में लगी आग,दोनों चालकों की जलकर मौत

 | 
दो डंपरों की भिड़ंत में लगी आग,दोनों चालकों की जलकर मौत


फिरोजाबाद, 03 अप्रैल (हि.स.)। थाना राजावली क्षेत्र अन्तर्गत शुक्रवार को दो डंपरों की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। जिससे दोनों डंपरों में आग लग गई। इस हादसे में दोनों डंपर चालकों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल है। जिन्हें पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

थाना रजावली क्षेत्र अन्तर्गत टूंडला-एटा रोड पर इमलिया डेरी के पास शुक्रवार को दो डंपरों की अचानक आमने सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार एक डंपर टूंडला से एटा की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा डंपर एटा से टूंडला की तरफ आ रहा था। आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों डंपरों में तुरंत आग लग गई और वह धू-धू कर जलने लगे। आग इतनी भीषण थी कि दोनों डंपरों के चालकों को निकलने का मौका ही नहीं मिला और उनकी जलकर मौत हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने मृतकों की पहचान डंपर चालक सुरेश पुत्र पूरन सिंह, निवासी मऊआखेड़ा, मुरैना, मध्य प्रदेश और भरत लाल पुत्र रामेश्वर दयाल, निवासी धौलपुर, राजस्थान के रूप में की है। जबकि दोनों डंपरों के क्लीनरों को सकुशल निकाल लिया है। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का काम किया। इस हादसे के कारण एटा-टूंडला मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस ने हाइड्रा मशीन से क्षतिग्रस्त डंपरों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू किया।

इस सम्बन्ध में सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया का कहना है दो डंपरों की भिड़ंत में दोनों डंपरों में आग लगी है। जिससे दोनों डंपरों के चालकों की मौत हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़