home page

वर्कशॉप में एयर सिलेंडर फटा, मिस्त्री की मौत

 | 
वर्कशॉप में एयर सिलेंडर फटा, मिस्त्री की मौत


फिरोजाबाद, 05 अप्रैल (हि.स.)। थाना टूंडला क्षेत्र अन्तर्गत रविवार को एक ट्रैक्टर वर्कशॉप पर एयर कम्प्रेशर मशीन (हवा भरने वाला टैंक) अचानक फट गया। जिसकी चपेट में आने से मिस्त्री की मौत हो गई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाई और घटना की जांच में जुटी है।

थाना टूंडला क्षेत्र के अंतर्गत अनामिका टॉकीज के पास एक ट्रैक्टर वर्कशॉप है। यहां टूंडला निवासी रोहित (22) पुत्र राकेश गाड़ियों की रिपेयरिंग का काम करता था। रविवार को वह एक गाड़ी की मरम्मत में जुटा था, तभी पास में रखे एयर प्रेशर टैंक में हवा भरी जा रही थी। अचानक प्रेशर टैंक फट गया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि रोहित इसकी चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। धमाके के बाद वहां चारों तरफ धुंआ और मलबे का गुबार छा गया था। जब लोग पास पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर उनकी चीखें निकल गईं। रोहित का शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत हो चुका था।

हादसे की सूचना मिलते ही सीओ अरुण कुमार चौरसिया और थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। हादसे की खबर जैसे ही रोहित के घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

सीओ अरुण कुमार चौरसिया का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़