लखनऊ में अम्बेडकर जयंती पर माल्यार्पण को लेकर हुआ विवाद, चली गोली
लखनऊ, 14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान गोली चली और ईंट पत्थर में तीन लोग घायल हो गये हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया है।
एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बंथरा के अम्बेडकर मोहल्ले में हर साल की तरह इस वर्ष भी बाबा साहेब की जयंती मनायी जा रही थी। मोहल्ले के करन, विशाल अमरेंद्र का कहना है कि कार्यक्रम में नगर पंचायत की चेयरमैन रामावती रावत का बेटा रंजीत अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। कार्यक्रम मुख्य आयोजक अभिषेक प्रियदर्शी का कहना है कि रंजीत ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने आगे बढ़े तो उन्हें यह कहकर रोका गया कि पहले बुद्ध प्रार्थना होगी। इसको लेकर रंजीत और उसके समर्थक भिड़ गये। रंजीत ने माल्यार्पण कर दिया तो इसी को लेकर विवाद हो गया। दोनों तरफ से ईंट पत्थर, लाठी डंडे और लोहे की सरिया चली। आरोप है कि दोनों पक्षों से फायरिंग भी हुई है। इसमें करन, विशाल और रंजीत के पक्ष से सरवन को चोटें आई है। घटना की जानकारी पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया और जांच शुरू कर दी है।
एसीपी ने बताया कि माल्यार्पण को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ है। गोली चली है या नहीं इसकी जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष से तहरीर ली जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

