home page

बाराबंकी में प्रधानी चुनाव की रंजिश में दबंगाें ने परिवार काे बेरहमी से पीटा, वृद्ध की माैत

 | 
बाराबंकी में प्रधानी चुनाव की रंजिश में दबंगाें ने परिवार काे बेरहमी से पीटा, वृद्ध की माैत


बाराबंकी, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र का पूरे मेहरबान मजरा बरांवा गांव में बुधवार को प्रधानी चुनाव की गुटबाजी और जमीनी रंजिश ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। खेत की मेढ़ काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक में तब्दील हो गया। आरोप है कि एक पक्ष के कई लोगाें ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर दूसरे पक्ष के घर में घुसकर परिवार काे बेरहमी से पीटा। महिलाओं-बच्चों तक को नहीं बख्शा। घायल 60 वर्षीय भगवानदीन की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि महिलाओं समेत 13 लोग घायल हो गए। घटना के बाद एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

हैदरगढ़ कोतवाल अनिल कुमार पांडे ने बताया कि परिजनों के अनुसार, भगवानदीन अपनी पत्नी रामवती के साथ खेत देखने गए थे। वहां खेत की मेढ़ कटी मिली। विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। आरोप है कि कुछ देर बाद विपक्षी पक्ष के लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर भगवानदीन के घर पहुंच गए और ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जान बचाने के लिए भगवानदीन और उनकी पत्नी घर के अंदर भागे, लेकिन हमलावर घर में घुस गए और परिवार के अन्य सदस्यों को भी बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल भगवानदीन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी रामवती, महेश, चांदनी और शांति सहित कई घायलों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इस मारपीट में दूसरे पक्ष के भी पांच लोगों के घायल होने की सूचना है, जिनका इलाज कराया जा रहा है।

भगवानदीन की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि पहुंच गए। लोगों ने आरोपिताें की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। मृतक के बेटे योगेंद्र ने आरोप लगाया कि पिछले दो महीनों से लगातार मारपीट और धमकियों की शिकायत पुलिस से की जा रही थी, लेकिन केवल शांति भंग की कार्रवाई कर मामले को टाल दिया गया। उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई होती तो उनके पिता की जान नहीं जाती।

घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी समीर सिंह और हैदरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर पूरे गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कोतवाल अनिल कुमार पांडे ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी