home page

हाथरस में चार पहिया वाहन पलटने से 12 से अधिक लोग घायल

 | 
हाथरस में चार पहिया वाहन पलटने से 12 से अधिक लोग घायल


हाथरस, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हाथरस जिले के मथुरा रोड पर बुधवार को नौगांव के पास मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गया। हादसे में वाहन में सवार 12 से अधिक महिलाएं घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक प्रदीप चौधरी, जिला पंचायत सदस्य केशव देव चौधरी तथा राष्ट्रीय लोकदल के अन्य नेता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।

विधायक ने बताया कि ये सभी महिलाएं एक गांव में शोक सभा में शामिल होने जा रही थीं। नौगांव के पास सड़क हादसे का शिकार हो गई। सीएचसी में तैनात चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। तीन महिलाओं की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घायलों में रेखा, यशोदा, लवली, सरिता, गोलवती, लक्ष्मी, आरती, शकुंतला, कमली, पिंकी और अंगूरी देवी समेत अन्य लोग घायल हो गये। लवली, सरिता और गोलवती को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, मैक्स में सवार लोग मथुरा जनपद के थाना मगोर्रा क्षेत्र के गांव नगला हमला से सादाबाद क्षेत्र के गांव नगला मोहन आ रहे थे। वे मिहीलाल के यहां गमी में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नौगांव के पास वाहन चालक का मैक्स से नियंत्रण हट गया और वाहन सड़क किनारे खड्ड में पलट गया। घायलों का समुचित उपचार किया ​जा रहा है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। ------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना