वर्ल्ड कप खेलकर ननिहाल पहुंचीं वैष्णवी शर्मा का भव्य स्वागत
उरई, 21 मार्च (हि.स.)। क्रिकेटर वैष्णवी शर्मा शनिवार को उत्तर प्रदेश के जालाैन जनपद के ग्राम मिझौना स्थित अपने ननिहाल पहुंचीं तो यहां उनका भव्य स्वागत हुआ। वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद जब वैष्णवी अपने ननिहाल पहुंचीं तो पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ ग्रामीणों ने अपनी बेटी का जोरदार स्वागत किया।
ननिहाल पहुंचकर वैष्णवी ने अपने नाना हनुमान प्रसाद बदल, नानी राम जानकी, पिता नरेंद्र शर्मा, मां आशा शर्मा, मामा अंजनी बदल, मौसी कंचन और प्रेमलता से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान परिवार के सभी सदस्यों की आंखों में गर्व और खुशी साफ झलक रही थी।
पत्रकाराें से बातचीत में वैष्णवी शर्मा ने कहा मैंने अपने लक्ष्य को पाने के लिए कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। कठिन मेहनत और परिवार के सहयोग से ही आज यह मुकाम हासिल कर पाई हूं। गांव के लोगों का कहना है कि वैष्णवी आज पूरे क्षेत्र की प्रेरणा बन चुकी हैं। बच्चों और युवाओं के लिए वह एक मिसाल हैं कि अगर मेहनत और जुनून हो तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं। उल्लेखनीय है कि वैष्णवी की इस उपलब्धि से जालौन ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का मान बढ़ा है। अब हर किसी को उनकी अगली उपलब्धियों का बेसब्री से इंतजार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

