home page

अंत्येष्टि स्थल का काम ठप, भड़के ग्रामीण

 | 
अंत्येष्टि स्थल का काम ठप, भड़के ग्रामीण


मीरजापुर, 09 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में ड्रमंडगंज क्षेत्र के नौगवां ग्राम पंचायत में लगभग 25 लाख रुपये की लागत से बन रहा अंत्येष्टि स्थल लापरवाही की भेंट चढ़ गया। करीब दो वर्ष पहले शुरू हुआ निर्माण कार्य पिछले छह महीने से पूरी तरह ठप पड़ा है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम सचिव और ग्राम प्रधान की उदासीनता के कारण महत्वपूर्ण योजना अधूरी पड़ी हुई है। सरकार की ओर से स्वीकृत धनराशि मिलने के बावजूद निर्माण कार्य में रुचि नहीं ली जा रही है। नतीजतन, गांव के लोगों को अंतिम संस्कार के लिए अभी भी पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से ही इसमें लापरवाही बरती जा रही है। जिम्मेदार अधिकारियों ने भी समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया, जिससे काम अधूरा रह गया।

बताया जाता है कि बीते 26 दिसंबर को जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) संतोष कुमार श्रीवास्तव ने निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण किया था। उस दौरान उन्होंने काम बंद मिलने पर ग्राम सचिव को कड़ी फटकार लगाते हुए जल्द से जल्द निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद आज तक काम शुरू नहीं हो सका है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। साथ ही उन्होंने लापरवाही बरतने वाले ग्राम सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।

इस संबंध में एडीओ पंचायत रूपेश श्रीवास्तव ने साेमवार काे बताया कि नौगवां ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन अंत्येष्टि स्थल का काम जल्द पूरा कराने के लिए ग्राम सचिव और प्रधान को निर्देशित किया गया है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा