छात्र हितों को लेकर माले ने किया प्रदर्शन
मीरजापुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जमालपुर ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित मांग पत्र खंड विकास अधिकारी डॉ. रक्षिता सिंह को सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्र हितों और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए जोरदार आवाज बुलंद की।
मांग पत्र में ‘रोहित एक्ट’ को तत्काल लागू करने की मांग की गई। साथ ही कार्यकर्ताओं ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली के कुलपति पर जातिवादी मानसिकता का आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की। छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
कार्यकर्ताओं ने जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष अदिति, उपाध्यक्ष गोपिका, संयुक्त सचिव दानिश और पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष नीतीश कुमार की गिरफ्तारी को अलोकतांत्रिक बताते हुए इसे छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश करार दिया।
इस दौरान रामकृत बियार, सोमरू पटेल, महंगी पासवान, प्रभु बियार, कविंद्र राधे समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

