home page

दो गायों से बदली किसानों की तकदीर, योगी सरकार दे रही 80 हजार तक की मदद

 | 
दो गायों से बदली किसानों की तकदीर, योगी सरकार दे रही 80 हजार तक की मदद


- स्वदेशी गाय बनी आय का सहारा, गांव-गांव पहुंच रही समृद्धिमीरजापुर, 22 जून (हि.स.)। किसानों की आय बढ़ाने और दुग्ध उत्पादन को नई ऊंचाई देने के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना जिले में सफलता की नई कहानी लिख रही है। योजना के तहत उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों का पालन करने वाले किसान न केवल आत्मनिर्भर बन रहे हैं, बल्कि हर महीने हजारों रुपये की अतिरिक्त आमदनी भी हासिल कर रहे हैं। जिले में अब तक 148 किसान योजना का लाभ उठा चुके हैं, जबकि 23 जून को 242 नए लाभार्थियों को चयन पत्र वितरित किए जाएंगे।

नंदबाबा दुग्ध मिशन के नोडल अधिकारी मनोज दुबे ने बताया कि योजना के तहत दो उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों की डेयरी इकाई स्थापित करने पर सरकार कुल लागत का 40 प्रतिशत अथवा अधिकतम 80 हजार रुपये तक का अनुदान दे रही है। अनुदान की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाती है।

उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य स्वदेशी नस्ल की गायों को बढ़ावा देना, दुग्ध उत्पादन बढ़ाना और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित करना है। साथ ही लम्पी जैसी बीमारियों से प्रभावित संकर नस्लों पर निर्भरता कम करना भी इसका लक्ष्य है।

महिलाओं को मिला विशेष अवसर

योजना में महिला सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी गई है। कुल लक्ष्य का 50 प्रतिशत हिस्सा महिला दुग्ध उत्पादकों और महिला पशुपालकों के लिए आरक्षित है। इससे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर मिल रहा है।गो-पालन से बढ़ी आमदनी, किसान हुए आत्मनिर्भर

मिश्रपुर-खेंरा जिगना निवासी अशोक कुमार यादव ने बताया कि उन्होंने योजना के तहत साहीवाल नस्ल की दो गायें खरीदीं। वर्तमान में वे प्रतिदिन 16 लीटर दूध का उत्पादन कर रहे हैं। इससे उनकी वार्षिक आय में करीब सवा लाख रुपये की वृद्धि हुई है।

वहीं अनंतरामपट्टी निवासी पंकज कुमार ने बताया कि उन्होंने भी योजना का लाभ लेकर दो उन्नत नस्ल की गायों का पालन शुरू किया। घर की जरूरत पूरी करने के बाद वह अतिरिक्त दूध गांव की पराग समिति में बेच देते हैं, जिससे उन्हें प्रतिमाह पांच से छह हजार रुपये की अतिरिक्त आय हो रही है।23 जून को 242 किसानों को मिलेगा चयन पत्र

नंदबाबा दुग्ध मिशन के नोडल अधिकारी ने बताया कि 23 जून को दुग्ध विकास कार्यालय में 121 महिला और 121 पुरुष लाभार्थियों को चयन पत्र वितरित किए जाएंगे। चयनित किसानों को डीबीटी के माध्यम से अनुदान राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।इन नस्लों की गाय खरीदने पर मिलेगा लाभ

योजना के तहत केवल गिर, साहीवाल, थारपारकर और हरियाणा जैसी उन्नत स्वदेशी नस्लों की गायों की खरीद पर ही अनुदान दिया जाएगा। खरीदी जाने वाली गायें प्रथम या द्वितीय ब्यान की होना अनिवार्य है, ताकि अधिक दुग्ध उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा