मिशन शक्ति टीम की पहल से बचा दंपति का रिश्ता, काउंसलिंग के बाद साथ रहने को हुए राजी
देवरिया, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत थाना श्रीरामपुर की मिशन शक्ति टीम ने पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद का सफलतापूर्वक समाधान कर एक परिवार को टूटने से मंगलवार को बचा लिया।
सीओ भाट पार रानी मनोज कुमार के अनुसार, ग्राम जगदीशपुर निवासी शालू कुमारी की शादी 30 नवंबर 2025 को ऋतुराज के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच आपसी मतभेद बढ़ने लगे, जिससे उनके वैवाहिक संबंधों में तनाव आ गया। स्थिति ऐसी हो गई कि रिश्ता टूटने की कगार पर पहुंच गया।
उन्होंने बताया कि 20 जुलाई 2026 को शालू कुमारी ने थाना श्रीरामपुर स्थित मिशन शक्ति केंद्र पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने बताया कि पति के साथ लगातार विवाद होने के कारण वैवाहिक जीवन प्रभावित हो रहा है और रिश्ते में दरार बढ़ती जा रही है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मिशन शक्ति टीम ने दोनों पक्षों को थाना श्रीरामपुर स्थित मिशन शक्ति केंद्र पर बुलाया। टीम ने पति-पत्नी की बात अलग-अलग और संयुक्त रूप से सुनी तथा धैर्यपूर्वक उनकी काउंसलिंग की। बातचीत के दौरान दोनों को आपसी संवाद, विश्वास और पारिवारिक जिम्मेदारियों का महत्व समझाया गया।
उन्होंने बताया कि काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों ने अपनी गलतफहमियां दूर करते हुए आपसी सहमति से विवाद समाप्त कर लिया। दोनों ने भविष्य में प्रेम और आपसी विश्वास के साथ दांपत्य जीवन बिताने की सहमति जताई और खुशी-खुशी साथ रहने का निर्णय लिया।
देवरिया पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और पारिवारिक सौहार्द बनाए रखने के लिए ऐसे प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। पुलिस का उद्देश्य केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि संवाद और काउंसलिंग के माध्यम से परिवारों को टूटने से बचाना तथा समाज में आपसी विश्वास और सौहार्द बनाए रखना भी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

