home page

उत्तर प्रदेश बनेगा देश की बायोएनर्जी राजधानी : ए.के. शर्मा

 | 
उत्तर प्रदेश बनेगा देश की बायोएनर्जी राजधानी : ए.के. शर्मा


लखनऊ, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश को बायोएनर्जी एवं स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में बुधवार को इन्वेस्ट यूपी सभागार, लखनऊ में इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय स्टेकहोल्डर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने की। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, निवेश संभावनाओं, उद्योग सहभागिता तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की व्यापक समीक्षा की गई।

इस अवसर पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज ऊर्जा परिवर्तन, हरित विकास और निवेश का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है। प्रदेश को बायोएनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी), एथेनॉल, बायोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल, वेस्ट-टू-एनर्जी तथा अन्य हरित प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाने का सशक्त मंच बनेगा।

उन्होंने कहा कि कृषि आधारित अर्थव्यवस्था होने के कारण उत्तर प्रदेश के पास कृषि अपशिष्ट का विशाल भंडार उपलब्ध है। वर्तमान में लगभग 17 मिलियन टन कृषि अपशिष्ट में से केवल 5 मिलियन टन का ही उपयोग हो रहा है। इसकी क्षमता का पूर्ण उपयोग कर प्रदेश ग्रीन एनर्जी उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा केवल राष्ट्रीय स्तर पर ही नहीं, बल्कि अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर भी बायोएनर्जी क्षेत्र में उत्तर प्रदेश को अग्रणी बनाना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस क्षेत्र में लगातार प्रभावी प्रयास किए गए हैं तथा समय की आवश्यकता के अनुरूप नीतियों को और अधिक सशक्त एवं अद्यतन किया जाएगा।

 बैठक में बताया गया कि 11 से 13 अगस्त, 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाला IBET Expo-2026 उत्तर प्रदेश सरकार एवं यूपीनीडा द्वारा इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी (आईएफजीई) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में देश-विदेश के नीति-निर्माता, वैज्ञानिक, उद्योगपति, निवेशक एवं ऊर्जा विशेषज्ञ भाग लेंगे। एक्सपो के दौरान 25 से अधिक सम्मेलन सत्र, 120 से अधिक राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय वक्ताओं के संबोधन, 150 से अधिक प्रदर्शकों की भागीदारी तथा हजारों प्रतिनिधियों एवं व्यावसायिक आगंतुकों की भागेदारी होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय