सहकारिता विभाग के बंद प्रशिक्षण केन्द्र फिर से संचालित होंगे : जे.पी.एस. राठौर
सहकारिता प्रशिक्षण केन्द्रों का होगा कायाकल्प, युवाओं को मिलेगा रोजगार
वाराणसी अयोध्या समेत 05 जिलों के सहकारी प्रशिक्षण केन्द्रों को मिली करोड़ों की सौगात
लखनऊ, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे.पी. एस. राठौर ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश की सहकारिता में आमूल-चूल परिवर्तन कर सहकारी बैंकों व प्राथमिक सहकारी समितियों (पैक्स) को मजबूत करने पर जोर दिया गया है। इसी क्रम में अब सहकारी प्रशिक्षण केन्द्रों को पुनः संचालित कर युवाओं को नये रोजगार के अवसर प्रदान करने की मुहिम को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सहकारिता के प्रदेश में कई प्रशिक्षण केन्द्र हैं, लेकिन पूर्व में कुप्रबंधन के कारण ये केन्द्र बंद हो गये हैं, उनके भवन जीर्ण-शीर्ण व जर्जर हो गये हैं। इन प्रशिक्षण केन्द्रों को वित्तीय सहायता प्रदान कर पुनरुद्धार कराया जा रहा है।
सहकारी प्रशिक्षण केन्द्र, वाराणसी को 4 करोड़ 71 लाख रूपये तथा सहकारी प्रशिक्षण केन्द्र, अयोध्या को 7 करोड़ 81 लाख रूपये की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है। इसी प्रकार सहकारी प्रशिक्षण केन्द्र, मेरठ को 03 करोड़ 93 लाख रूपये, महोबा को 1 करोड़ 61 लाख रूपये तथा इटावा को 5 करोड़ 19 लाख रूपये की धनराशि शासन द्वारा स्वीकृत की गयी है।
मंत्री श्री राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 5 वर्ष पूर्व केन्द्र सरकार में नये सहकारिता मंत्रालय के गठन के बाद पूरे देश में सहकारिता के क्षेत्र में गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। इन गतिविधियों व कार्यक्रमों को चलाने के लिए योग्य व दक्ष युवाओं की आवश्यकता है। इन सहकारी प्रशिक्षण केन्द्रों में सहकारी नेतृत्व विकास एवं व्यवसाय के उत्थान से सम्बंधित डिप्लोमा कार्यक्रम चलाये जायेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

