home page

वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर संविदाकर्मियों का प्रदर्शन

 | 
वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर संविदाकर्मियों का प्रदर्शन


मीरजापुर, 08 मई (हि.स.)। वेतन वृद्धि नहीं होने से नाराज पेयजल विभाग के संविदाकर्मियों ने शुक्रवार को जमालपुर विकासखंड के गोठौरा स्थित डब्ल्यूटीपी कार्यालय पर मेघा कंपनी के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मियों ने नारेबाजी करते हुए कंपनी पर मनमानी और शोषण का आरोप लगाया।

संविदाकर्मियों ने तानाशाही नहीं चलेगी और वेतनमान वृद्धि करो जैसे नारे लगाते हुए करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया। बाद में जल जीवन मिशन, उत्तर प्रदेश सरकार के नाम संबोधित ज्ञापन कंपनी के अवर अभियंता रविशंकर सिंह को सौंपा।

प्रदर्शन कर रहे कर्मियों का कहना था कि तीन वर्षों से लगातार कार्य करने के बावजूद वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। आरोप लगाया कि कर्मचारियों से प्रतिदिन 12 घंटे तक काम लिया जाता है, लेकिन रविवार को भी अवकाश नहीं दिया जाता।

कर्मियों ने कहा कि कंपनी सभी नियमों की अनदेखी कर कर्मचारियों का शोषण कर रही है। उन्होंने मांग की कि उन्हें भी अनुदेशकों के समान मानदेय दिया जाए। धरना-प्रदर्शन में पंप ऑपरेटर, फीटर और हेल्पर शामिल रहे। इस दौरान प्रशांत कुमार, प्रिंस, सोनू यादव, बाबूलाल, दिनेश कुमार, पवन कुमार, दीपक कुमार, पंकज कुमार सिंह, सुनील गुप्ता, रामबाबू, अजय कुमार, राकेश कुमार और राजेश समेत बड़ी संख्या में संविदाकर्मी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा