home page

विद्युत जांच के नाम पर उपभोक्ताओं को न किया जाए परेशान : अंगद कुमार सिंह

 | 
विद्युत जांच के नाम पर उपभोक्ताओं को न किया जाए परेशान : अंगद कुमार सिंह


मीरजापुर, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति ने सोमवार को जनपद भ्रमण किया। इस

दौरान जिला पंचायत सभागार में बैठक कर मीरजापुर और भदोही के विद्युत विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा की। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति अंगद कुमार सिंह ने की।

इस दाैरान जिलाधिकारी भदोही शैलेश कुमार, पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी, पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक और मुख्य विकास अधिकारी मीरजापुर विशाल कुमार ने देवी चित्र, अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ भेंट कर समिति के सदस्यों का स्वागत किया। बैठक में दोनों जनपदों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति, ट्रांसफार्मरों की मरम्मत और समय से स्थापना, मीटर रीडरों के कार्य क्षेत्र, लाइन लॉस, बिजली चोरी पर कार्रवाई, राजस्व वसूली, ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में बिजली बिल बकाया, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था तथा सरकारी संस्थानों में विद्युत कनेक्शन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

सभापति अंगद कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि 1912 टोल फ्री नंबर पर प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विद्युत जांच के नाम पर किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

उन्होंने किसानों के कृषि कार्यों के लिए समय से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय सीमा में बदलने तथा अधिक लाइन लॉस और बिजली चोरी वाले क्षेत्रों में पारदर्शिता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी सरकारी भवनों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शत-प्रतिशत विद्युत कनेक्शन सुनिश्चित करने तथा प्राथमिक विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों को तत्काल हटाने पर भी जोर दिया।

बैठक में समिति के सदस्य श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह, रविशंकर सिंह (पप्पू भैया), केपी श्रीवास्तव और सत्यपाल सिंह सहित समीक्षा अधिकारी प्रवीण पुनिया, सतीश यादव, प्रतिवेदक सुधीर कुमार और निजी सचिव पुरोहित केसरी समेत जनपदों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा