home page

आरक्षी आराधना बनीं हिन्दी प्रवक्ता, परिवार में खुशी की लहर

 | 
आरक्षी आराधना बनीं हिन्दी प्रवक्ता, परिवार में खुशी की लहर


मीरजापुर, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की विज्ञापन संख्या 02/2022 के तहत घोषित परिणाम में मीरजापुर की आरक्षी आराधना का हिन्दी प्रवक्ता पद पर चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गुरुजनों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है तथा उन्हें लगातार बधाईयां मिल रही हैं।

विकास खंड कोन के जगदीशपुर गांव निवासी आराधना किसान लालचंद यादव और शकुंतला यादव की पुत्री हैं। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश पुलिस की विशेष शाखा में गाजीपुर जनपद में आरक्षी के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वर्ष 2016 से 2021 तक उन्होंने प्रतापगढ़ में अपनी सेवाएं दीं। सात बहनों और दो भाइयों में वह पांचवें स्थान पर हैं।

सेवा दायित्वों का निर्वहन करते हुए आराधना ने निरंतर अध्ययन, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर यह सफलता हासिल की।

उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय ईश्वर की कृपा, गुरु राजकुमार यादव के मार्गदर्शन तथा माता-पिता और बड़ी बहन मनीषा यादव के आशीर्वाद को दिया। साथ ही टेलीग्राम अध्ययन समूह के साथियों और उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोगियों के प्रोत्साहन को भी सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।

आराधना की इस उपलब्धि पर परिजनों, सहकर्मियों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा