home page

मीरजापुर के ड्रमंडगंज हादसे के पीड़ित परिवारों से मिले कांग्रेस नेता, हाईवे की डिजाइन सुधारने की मांग

 | 
मीरजापुर के ड्रमंडगंज हादसे के पीड़ित परिवारों से मिले कांग्रेस नेता, हाईवे की डिजाइन सुधारने की मांग


मीरजापुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के ड्रमंडगंज में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद जिगना क्षेत्र के भवरूपुर अजगना और नरैना गांव में शोक का माहौल है। पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ओर कई कांग्रेस नेता रविवार को पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी।

पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस कठिन समय में कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद दिलाने के लिए पार्टी स्तर पर प्रयास किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने ड्रमंडगंज क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि एनएचएआई द्वारा निर्मित हाईवे की डिजाइन में खामियां हैं, जो दुर्घटनाओं का कारण बन रही हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि सड़क की डिजाइनिंग की तकनीकी जांच कराकर उसमें आवश्यक सुधार किए जाएं।

चौधरी ने सुझाव दिया कि विशेषज्ञों की मदद से खतरनाक स्थानों की पहचान कर स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। इस मौके पर कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा