home page

कांग्रेस-इंडिया गठबंधन की महारैली दिल्ली में, शामिल हाेने वाराणसी से रवाना हुए कांग्रेसी

 | 
कांग्रेस-इंडिया गठबंधन की महारैली दिल्ली में, शामिल हाेने वाराणसी से रवाना हुए कांग्रेसी


- दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को आयोजित होगी महारैली

वाराणसी, 31 अक्टूबर (हि.स.)। नई दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को आयोजित कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की महारैली में शामिल होने के लिए वाराणसी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जत्था शनिवार को दिल्ली के लिए रवाना हुआ। कार्यकर्ता निजी वाहनों, ट्रेनों और अन्य साधनों से दिल्ली पहुंच रहे हैं। महारैली का आयोजन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं के विरोध तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया जा रहा है।

दिल्ली रवाना होने से पहले कांग्रेस के वाराणसी जिला अध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त रूप से कहा कि वोट चोरी का मुद्दा लोकतंत्र और मताधिकार से जुड़ा गंभीर सवाल है। प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना कांग्रेस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। वाराणसी सहित देश के विभिन्न हिस्सों में मतदाता सूची को लेकर सवाल उठ रहे हैं, जिनका जवाब मिलना जरूरी है। महारैली के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ता इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे और निष्पक्ष चुनाव तथा मताधिकार की सुरक्षा की मांग करेंगे।

इसी क्रम में वाराणसी महानगर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष चंचल शर्मा के नेतृत्व में भी पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुए। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में महारैली को लेकर उत्साह देखा गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे लोकतंत्र की रक्षा, निष्पक्ष चुनाव और आम नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को महारैली में उठाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी