उद्योगों को रफ्तार देने के लिए कमिश्नर सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
मीरजापुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर सरकार गंभीर है। इसी क्रम में मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल राजेश प्रकाश ने शुक्रवार को आयुक्त कार्यालय सभागार में मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्योग और व्यापार रोजगार सृजन की रीढ़ हैं, इसलिए उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण बेहद जरूरी है।
बैठक में पिछली समीक्षा में दिए गए निर्देशों और उद्यमियों द्वारा उठाए गए मुद्दों की प्रगति का आकलन किया गया। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए मंडलायुक्त ने कारण बताओ नोटिस जारी किया और भविष्य में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों की अनुपस्थिति में समस्याओं का समाधान संभव नहीं है।
उद्यमियों ने सड़कों की खराब स्थिति पर सवाल उठाए, जिस पर मंडलायुक्त ने नगर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि लोक निर्माण विभाग, जल निगम और नगर पालिका के साथ प्रत्येक शनिवार बैठक कर प्रगति की समीक्षा करें। शास्त्री ब्रिज के रखरखाव को लेकर भी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तलब किया गया।
बैठक में औद्योगिक क्षेत्र हनुमान पड़रा के मार्ग चौड़ीकरण, नए औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना, निवेश मित्र पोर्टल के लंबित आवेदनों, ओडीओपी उत्पादों के प्रचार-प्रसार सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रगति की समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि उठाए गए सभी मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई कर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

