दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक युवक की मौत, दो गंभीर
- कुंदरुफ गांव के सामने हुआ हादसा, मृतक की नहीं हो सकी पहचान
मीरजापुर, 19 नवंबर (हि.स.)। मड़िहान थाना क्षेत्र के मीरजापुर-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर कुंदरुफ गांव के सामने गुरुवार रात करीब आठ बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। इनमें एक अज्ञात युवक की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
थानाध्यक्ष नवीन कुमार तिवारी के अनुसार, राजगढ़ थाना क्षेत्र के ददरा गांव निवासी शनि पुत्र शिवकुमार और लवकुश पुत्र जय सिंह बाइक से मड़िहान की ओर जा रहे थे। कुंदरुफ गांव के सामने उनकी बाइक की सामने से आ रहे अज्ञात बाइक सवार से टक्कर हो गई। हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
राहगीरों ने डायल 112 और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस से शनि और लवकुश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को सोनभद्र के लोढ़ी स्थित जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस अज्ञात घायल युवक को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान ले गई, जहां चिकित्सक डॉ. राधेश्याम वर्मा ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

