home page

सीडीओ ने फसल क्षति का शीघ्र सर्वेक्षण कर किसानों को अनुदान देने के निर्देश दिए

 | 
सीडीओ ने फसल क्षति का शीघ्र सर्वेक्षण कर किसानों को अनुदान देने के निर्देश दिए


मुरादाबाद, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बाढ़-2026 और अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों के फसल क्षति अनुदान वितरण की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में फसल क्षति के सर्वेक्षण, सत्यापन, पोर्टल पर डाटा प्रविष्टि और किसानों को अनुदान राशि के भुगतान की प्रक्रिया की समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों के प्रति संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्रवाई की जाए। शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार 33 प्रतिशत या उससे अधिक फसल क्षति वाले पात्र किसानों का सर्वेक्षण और सत्यापन कर उनका विवरण पोर्टल पर सही ढंग से दर्ज कराया जाए।

उन्होंने कहा कि फसल क्षति का आंकलन मौके पर किए गए सर्वेक्षण के आधार पर ही किया जाए और डाटा में किसी तरह की त्रुटि न रहे। पोर्टल पर दर्ज विवरण का मैनुअल अभिलेखों से मिलान कराने के साथ खसरा-खतौनी और कृषक विवरण का सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाए।

सीडीओ ने स्पष्ट किया कि किसी पात्र किसान का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए और अपात्र व्यक्ति को लाभ नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने स्वीकृत अनुदान राशि किसानों के बैंक खातों में शीघ्र हस्तांतरित कराने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में सभी वित्तीय एवं वितरण संबंधी तैयारियां पूरी करने को कहा।

बैठक में फसल क्षति डाटा प्रविष्टि एवं सत्यापन, वित्तीय कार्रवाई, अनुदान वितरण और शिकायत निस्तारण से जुड़ी जिम्मेदारियों की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से पालन करने और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं करने के निर्देश दिए।

बैठक में संबंधित उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, कृषि, राजस्व, कोषागार और आपदा प्रबंधन विभाग समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल