home page

सीएम युवा योजना में लापरवाही पर डीएम सख्त, बैंकर्स को 15 दिन में ऋण स्वीकृति के निर्देश

 | 
सीएम युवा योजना में लापरवाही पर डीएम सख्त, बैंकर्स को 15 दिन में ऋण स्वीकृति के निर्देश


मीरजापुर, 21 मई (हि.स.)। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में बैंकर्स, उद्योग, खाद्य ग्रामोद्योग एवं नारकोटिक्स की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री युवा योजना के तहत लंबित आवेदनों और बैंकिंग कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि योजना के तहत 933 आवेदन विभिन्न बैंकों को भेजे गए हैं, जिनमें 122 स्वीकृत, 96 वितरित और 288 आवेदन निरस्त किए गए हैं। वर्तमान में 620 आवेदन स्वीकृति और 273 वितरण के लिए लंबित हैं। सबसे अधिक लंबित आवेदन इंडियन बैंक में पाए गए।

इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवेदन प्राप्त होने के 15 दिन के भीतर ऋण स्वीकृत और वितरित किया जाए। उन्होंने कहा कि मीरजापुर आर्थिक रूप से पिछड़ा जनपद है और यह योजना युवाओं के जीवन में बदलाव ला सकती है। बैंकर्स सकारात्मक सोच के साथ कार्य करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि इस योजना में ब्याज और सीजीटीएमएसई गारंटी का भार प्रदेश सरकार वहन कर रही है, इसलिए ऋण एनपीए होने की संभावना बेहद कम है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण आवेदन भेजने की बात भी कही।

बैठक में नारकोटिक्स की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नशा मुक्ति के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने और नशामुक्ति केंद्रों की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन स्थलों और संदिग्ध स्थानों पर पुलिस व संबंधित विभागों को संयुक्त अभियान चलाकर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी राम विलास यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा