home page

मुख्यमंत्री योगी के संभावित दौरे की तैयारी तेज, प्रशासन अलर्ट

 | 
मुख्यमंत्री योगी के संभावित दौरे की तैयारी तेज, प्रशासन अलर्ट


देवरिया, 23 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 26 जून को संभावित दौरे को लेकर देवरिया जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, अपर पुलिस अधीक्षक आनंद पांडेय तथा मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम ने मंगलवार को प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम बरांव इंटर कॉलेज के निकट आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम में रुद्रपुर और बरहज विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात प्रबंधन तक सभी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंच, बैरिकेडिंग, पार्किंग, वीआईपी मूवमेंट, जनसभा स्थल और आपातकालीन व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर रुद्रपुर और बरहज के उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, मदनपुर थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े प्रत्येक बिंदु की समीक्षा की।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक