पहले बदनाम था आजमगढ़, अब देश करता है स्वागत : मुख्यमंत्री योगी
आज़मगढ़, 06 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने साेमवार काे आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज विकास खंड के मिरिया रेड़हा गांव में डेयरी प्लांट का उद्घाटन करने के बाद जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले सपा सरकार को सिर्फ सैफई तक का विकास दिखता था, जबकि पूर्वांचल की उपेक्षा की जाती रही। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने पूर्वांचल को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जोड़कर क्षेत्र को नई पहचान दी है। आजमगढ़ में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना और चारों तरफ फोरलेन सड़कों का जाल बिछाना इसी विकास की कड़ी है।
मुख्यमंत्री याेगी ने कहा कि यह कार्य पहले भी हो सकता था लेकिन पिछली सरकारों ने वोट बैंक की राजनीति को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि पहले आजमगढ़ की पहचान नकारात्मक थी। यहां तक कि लोगों को होटल में कमरा देने से भी कतराया जाता था। अब स्थिति बदल चुकी है। जिले की छवि बेहतर हुई है। मुख्यमंत्री याेगी ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जनसंघ के प्रथम अध्यक्ष श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ‘एक निशान, एक प्रधान, एक संविधान’ के सपने को साकार किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कश्मीर में धारा 370 लागू की थी, जिसे मोदी सरकार ने समाप्त कर आतंकवाद पर निर्णायक प्रहार किया। उन्होंने यह भी कहा कि लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी जैसे नेताओं के सपनों को भी वर्तमान सरकार साकार कर रही है।
योगी ने कहा कि पहले अयोध्या में सिर्फ नारे लगते थे लेकिन अब डबल इंजन की सरकार में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने विकास की बजाय तुष्टिकरण की राजनीति की, जबकि वर्तमान सरकार बिना भेदभाव के विकास कार्य कर रही है। और आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव चौहान

