home page

मुख्यमंत्री योगी ने 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा' योजना की शुरुआत की

 | 
मुख्यमंत्री योगी ने 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा' योजना की शुरुआत की


-60 वर्ष या उससे अधिक से आयु की महिलाएं 29 से यूपीएसआरटीसी की बस में नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी

लखनऊ, 26 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने वाली 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा' योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस योजना के तहत रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से माताओं, बहनों एवं बेटियों की सहयात्री सहित निशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि दो प्रकार की सुविधाओं वाली योजना का आज शुभारंभ किया जा रहा है। मंत्री दयाशंकर सिंह ने पूछा कि क्या किया जाए तो हमने कहा कि सभी 75 जनपदों में आयोजन हो रहा है। माताओं बहनों को मिठाई दीजिए और रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दीजिए। यह योजना लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम शुरुआत की गई है। महिला स्वावलंबन में अहिल्याबाई का बहुत बड़ा योगदान रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश जब मुगल आक्रांताओं के चंगुल में था, तब उन्होंने उन्होंने सुशासन स्थापित करने के साथ ही भारत की संस्कृति और धार्मिक मान्यताओं को बल देते हुए महिला स्वावलंबन का एक आदर्श प्रस्तुत किया था। न्याय की कसौटी पर उन्होंने जो तय किया था, आज वह हम सबके सामने है। उस समय लोक माता ने मंदिरों के जीर्णोद्धार का कार्य किया था। इस याेजना के तहत 60 साल की आयु या उससे अधिक उम्र की महिला अपने एक साथी के साथ यात्रा कर सकेंगी।

परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में काम कर रही हैं अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। महिलाएं कभी मां के रूप में, कभी बेटी के रूप में, कभी पत्नी के रूप में हमारा जीवन भर साथ देती हैं। हम उनका सम्मान करते हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें यह योजना देकर महिलाओं का जो सम्मान किया है, वे इसे जीवन भर याद रखेंगी। आज हवाई अड्डे की तरह उत्तर प्रदेश में 23 बस अड्डा का निर्माण किया जा रहा है। अत्याधुनिक बसें चलाई जा रही हैं। उन बसों में महिलाओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। इसी प्रकार दयाशंकर सिंह ने अपने विभाग की उपलब्धियां को विस्तार से गिनाया।

इस मौके पर राज्यसभा सांसद बृजलाल, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला