home page

उप्र में हो रही बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री का अधिकारियों को फील्ड में निकलने के निर्देश

 | 
उप्र में हो रही बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री का अधिकारियों को फील्ड में निकलने के निर्देश


लखनऊ, 01 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में लगातार हाे रही बारिश से होने वाली जनहानि, पशु हानि व आर्थिक हानि का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान में लिया है। मुख्यमंत्री योगी ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड पर निकलने के दिए निर्देश दिए हैं। साथ ही खराब मौसम में लोगों से अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।

मुख्यमंत्री योगी ने मंगलवार को प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जलभराव से जनमानस को कोई समस्या न होने पाए। अति वर्षा, आकाशीय बिजली से हुई जन हानि, पशु हानि व आर्थिक हानि का आंकलन कर दो से चार घंटे में मुआवजा देने का निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी फील्ड में निकलें। मौके पर जाकर स्थिति का आंकलन कर बचाव कार्य कराएं। प्रभावित परिवारों से अधिकारी संवाद बना कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराएं।

मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों से की अपील की है कि खराब मौसम में आकाशीय बिजली के खतरे को देखते हुए अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। अतिवृष्टि के समय नदियों व जलाशयों में स्नान करते हुए विशेष सावधानियां बरतें।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार की सुबह से प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। कुछ जिलों में ताे सोमवार से ही बारिश हो रही है। आज मौसम विभाग ने आंबेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, बदायूं, बहराइच, बलरामपुर, लखनऊ, बरेली, गोंडा समेत 30 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला