home page

मुख्यमंत्री योगी ने माँ विंध्यवासिनी का किया दर्शन,बोले-नवरात्र में दुनिया को रिझाएगा विंध्य कॉरिडोर

 | 
मुख्यमंत्री योगी ने माँ विंध्यवासिनी का किया दर्शन,बोले-नवरात्र में दुनिया को रिझाएगा विंध्य कॉरिडोर


मुख्यमंत्री योगी ने माँ विंध्यवासिनी का किया दर्शन,बोले-नवरात्र में दुनिया को रिझाएगा विंध्य कॉरिडोर


- धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को मिलेगी वैश्विक पहचान

मीरजापुर, 17 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र से ठीक पहले मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माँ विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया और अपनी ड्रीम प्रोजेक्ट विंध्य कॉरिडोर का बारीकी से निरीक्षण किया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि विन्ध्याचल की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने का माध्यम भी बनेगी। नवरात्र में विंध्य कॉरिडोर दुनियाभर से आने वाले श्रद्धालुओं को रिझाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विंध्य कॉरिडोर परियोजना न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी,बल्कि इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाया जा रहा है। यह परियोजना भारतीय सनातन परंपरा और आधुनिक वास्तुकला का अद्भुत संगम है। विंध्य कॉरिडोर विन्ध्याचल धाम को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए भव्य और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करेगा।

मुख्यमंत्री का आगमन मोतीझील हेलीपैड पर हुआ,जहां उनका स्वागत मंत्री आशीष पटेल,एमएलसी विनीत सिंह,पिछड़ा आयोग उपाध्यक्ष सोहन लाल, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने किया।

पूर्वाह्न 11 बजे मुख्यमंत्री कार द्वारा पुरानी वीआईपी गेट नंबर एक पहुंचे, जहां नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा और छानबे विधायिका रिंकी कोल ने अंगवस्त्र देकर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री गर्भगृह में पूजा सामग्री के साथ प्रवेश कर विधिपूर्वक मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया।

दर्शन और पूजन के पश्चात मुख्यमंत्री ने मंदिर के पूर्वी कॉरिडोर का निरीक्षण किया। इस दौरान एंट्रेंस प्लाजा पर खड़े बच्चों को चॉकलेट बांटे और बच्चों ने पैर छूकर उनसे आशीर्वाद लिया। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री कुछ समय नगर विधायक के होटल में रुके और फिर अष्टभुजा डाक बंगले के लिए रवाना हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा